Friday, December 23, 2011



यह एक ऐतिहासिक सच है कि अल्पसंख्यक कभी भी बहुत दिनों तक सत्ता पर काबिज नहीं रह सकते हैं ....अगर इस समस्या को इतिवृत्त के दृष्टिकोण से परखा जाये तो हम पाएंगे कि इस्लाम को भी अपने सामाजिक ढांचें  में कई परिवर्तन लाने पड़े हैं तब जाकर वह पूरे हिंदुस्तान में अपना असर बना पाया....अगर अंग्रेज भारत नहीं आते तब मुग़ल बादशाह दिल्ली में अपने साम्राज्य को बचा पाते या नहीं यह पूछ कर हम इस समस्या की दूसरी विमा तक जाते हैं .......अगर बहुसंख्यक सत्तासीन नहीं हों तो एक अनदेखी राजनीतिक अस्थिरता सत्ता को ग्रस लेती है.......जिन्ना साहब एक दूरदर्शी नेतृत्व के द्योतक थे जो राजनीति के मारक कुचक्रों को देख लेते थे .....वो इस बात की कल्पना कर गए थे कि आजादी के बाद हिन्दुओं के समुद्र में मुसलमानों के टापुओं का कैसा अपरदन संभव है ...इसी सोच के कारण वो एक अलग दुनिया बसाना चाहते थे ...हालाँकि राष्ट्र की एक बहुआयामी कल्पना से वो काफी पीछे छूट गए थे ...चूँकि उनके पास समय कम था और प्रश्न सघन इसलिए वो जल्दीबाजी कर गए .....दूसरी बात यह कि जिन्ना खुद भी पश्चिम के सांस्कृतिक संस्कारों से बाहर नहीं निकल पाए थे अतः केवल पढ़े-लिखे और जमींदार तबकों के लोग ही पाकिस्तान की नयी योजना से  प्रभावित हो पाए .....जो अकबर की आत्मा को जानते थे... जो किसी और मिट्टी के बने थे, वो तब भी यहीं रूक गए और अब भी यहीं रहते हैं  ....पर राजनीति हो चुकी थी ....खून बह चुका चुका था ...और सत्ता इतिहास लोलुप हो मूक थी .....आजाद हिंदुस्तान में गाँवों तक यह मिथक जिन्दा हैं कि नेहरु जी अगर मान जाते तो जिन्ना पाकिस्तान की जिद छोड़ देते ......खैर हिन्दुओं में तो यह बात भी होती है कि मुसलमानों ने इस बात पर धोखा दिया है ....वो जब तक शासक बन कर रहे तब तक हिंदुस्तान की हिमायत करते रहे पर जब मुगलों के बाद हिन्दू राजनीतिक रूप से मजबूत हुए तब फिर अलग से पाकिस्तान की मांग उठने लगी ....यहाँ पर एक मानसिक पेंच है जो जनता में कहीं गहरे फंसा है ....नेहरु जी ने अपनी सीमाओं तक पूरी कोशिश की जिससे कि धर्मनिरपेक्षता राजनीतिक रूप से स्वीकृत हो जाये ...पर बात कुछ और थी .....कांग्रेस अब आजादी के पहले की कांग्रेस नहीं थी ...उसके आदर्श टूट चुके थे वह अवसरवादी हो चुकी थी ....सत्ता की मलाई ने उन्हें घोर राजनीतिक और सांस्कृतिक आलस्य में रखा ....और परिणामतः अन्य राजनीतिक धाराएँ समाज में प्रतिनिधित्व के लिए आगे आ गयीं .....राजनीतिक चिंतन में भोथरी कांग्रेस अपने प्रतिद्वंदियों को नहीं रोक पाई, और तो और कई भूलें भी कर गयीं .......दबी हुई राजनीतिक बहसें कालांतर में काफी मुखरित हुईं और तीव्रता के साथ अपना प्रतिनिधित्व दर्शाने लगी ....सामाजिक न्याय और उग्र हिंदुत्व यह दो बड़ी राजनीतिक धाराएँ आजादी के बाद मुखरित हुई हैं ......विश्वनाथ जी और आडवाणी जी इस नयी राजनीतिक बहस के सूत्रधार बने .....आने वाली राजनीति में भी ये दो धाराएँ प्रतिस्पर्धा करेंगी ऐसी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है .....बौद्ध धर्म ने एक बार तो हिन्दू धर्म को चुनौती इसी जमीन पर दी है यह इतिहास गवाह है ......ब्राह्मणों और क्षत्रियों के बीच का ऐतिहासिक सत्ता संघर्ष बस अपने रूप बदल कर आया है .....हाँ इस्लाम के आने से यह संघर्ष कुछ अलग ही विन्यास में निकल गया है ....पर यहाँ की सभ्यता पुष्ट्गर्भा है वह सब कुछ पचा कर एक अलग ही संस्कृति रचती है .....पर हमें जल्द ही ऐसे नियामक खोजने होंगे जो हिंसा की अवधारणा को रोक सके और मानवों के सामने जीने के नए आदर्श उद्धृत कर पाए .....

हिन्दुत्व की जो परिभाषा गढ़ी जा रही है वह काफी हद तक बाजारू है ...उसमें पैसा सर चढ़ कर बोलता है .....उसमें सामंती दंभ और ब्राह्मणवादी संस्कार आरोपित किये जा रहे हैं ....फलतः हिन्दुओं के अन्दर ही कई तबके बिखर जाते हैं .....दक्षिणपंथी राजनीति का मूल संकट यह है कि एक तरफ तो वह गुप्तकालीन स्वर्णयुग की नोस्टाल्जिया से ग्रस्त है ....और दूसरी तरफ औपनिवेशिक आधुनिकता बोध की पहचान से अंदरूनी रूप में युद्धरत है ......परन्तु बड़ी बात यह है कि दक्षिणपंथ जनता को एक नयी राजनीतिक और सांस्कृतिक पहचान देने का दावा करता है .....आने वाले विश्व परिदृश्य में जबकि लड़ाई इस्लाम और क्रिस्तान के बीच चल रही है ...नया उग्र हिंदुत्व कहीं न कहीं ईसाईयत का पिछलग्गू ही बन कर संतोष कर रहा है ....यह काफी द्वंद्वात्मक परिस्थिति है .....भारत में अल्पसंख्यक ईसाईयों पर दबाव और देश के बाहर उनकी चाटुकारिता .....दक्षिणपंथ कहीं न कहीं अपने अन्दर से जूझ रहा है ....भारतीय आत्मा की परिभाषा क्या हो और इसे कैसे जीवित रखा जाये यह उसे अभी सीखना बाकि है .....पर कई ऐसी बहसें वो राजनीतिक पटल पर छेड़ चुका है जिसे अन्य राजनीतिक धाराओं को बखूबी समझना होगा .....एक दुरंत बौद्धिक आलस्य बुद्धिजीविकों को बांधे हुए है और जमीनी लड़ाई के कार्यकर्ता मरे जा रहे हैं .... जिन पर राजनीतिकों को गहराई से काम करना होगा ....अगर ऐतिहासिक रूप से देखा जाये तो हजार सालों के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि यह पूरा प्रायद्वीप एक सत्ता के अधीन है और फल फूल रहा है ....राजनीतिक रूप से हिंदुस्तान कभी इतना सुदृढ़, समर्थ और स्वंभू नहीं रहा होगा जितना कि वर्तमान में है ....राजनीतिक धाराओं को यह तय करना होगा कि आने वाली पीढ़ियों को मानवता का कौन सा रूप वो थाती में छोड़ जायेंगे ......

Friday, December 16, 2011

महाकवि ग़ालिब

ज़ुल्मत कदे में मेरे शब ए ग़म का जोश है
इक शम्मा है दलील ए सहर सो खामोश है

ना मुज्दा ए विसाल ना नज़ारा ए जमाल
मुद्दत हुई के अस्ती ए चश्म ओ गोश है

मैंने किया है हुस्न ए ख़ुदारा को बेहिज़ाब
ऐ शौक याँ इज़ाज़त ए तस्लीम ए होश है

गौहर को इक्द ए गरदान ए खुबाँ में देखना
क्या औज़ पर सितारा ए गौहर फरोश है

दीदार वादा हौसला साक़ी निगाहे मस्त
बज्में ख़याल मैयक़दा ए बेखरोश है

ऐ ताज़ा वारीदान ए बिसात ए हवा ए दिल
जिन्हार अगर तुम्हें हवस ए नावनोश है

देखो मुझे जो दीदा ए इबरत निगाहो
मेरी सुनो जो गोश ए नसीहत निओस है

साक़ी बाजलवा दुश्मन ए ईमान ओ आगही
मुतारिब बा नगमा रहजान ए तम्कीनो होश है

या शब को देखते थे के हर गोशा ए बिसात
दामां ए बागबां ओ कफ़ ए गुलफरोश है

लुत्फ़ ए खिराम ए साक़ी ओ जौक ए सदा ए चंग
ये जन्नत ए निगाह वो फिरदौश ए गोश है

या सुब्ह ओ दम जो देखिये आकर तो बज्म में
नय वो शुरुर ओ शोर ना जोशो खरोश है

दाग ए फ़िराक ए सोहबत ए शब की जली हुई
एक शम्मा रह गयी है सो वो भी खामोश है

आते हैं ग़ैब से ये मज़ामीन ख़याल में
ग़ालिब सरीर ए खामा नवा ए सरोश है

Sunday, October 30, 2011

अल्पसंख्यक

भारत जैसे विशालकाय और विविधताओं से भरे देश के सम्यक विकास के लिए धर्मनिरपेक्षता को एक मूलभूत सिद्धांत के तौर पर देखा जाना चाहिए….हाँ इस बात पर बहस लाजिमी है कि उसकी व्याख्या कैसे की जाये …बदलते हुए समय के साथ परिभाषाएं बदलती हैं …..युग धर्म बदलते हैं और सत्ता के समीकरण भी …पर कुछ बातें हैं जो गहन मानवीय मूल्यों को उभारती हैं …..धर्मनिरपेक्षता को भी उसी स्तर पर रखना चाहिए …..व्यक्ति किसी पंथ का हो, किसी भी धर्म का हो उसे सत्ता के द्वारा जीने के समान अवसर मुहैय्या करवाए जाने चाहिए ….हरेक मनुष्य को जीने का हक है और यह राज्य का कर्त्तव्य बनता है कि वह इसकी सुरक्षा करे…जिस तरीके की ऐतिहासिक और समकालीन बहस समाज में खुलती जाती है उससे ही धर्मनिरपेक्षता का निर्धारण किया जाना चाहिए….अब तक तो देश ने यह देखा ही है कि धर्मनिरपेक्षता के कितने ठेकेदार पनपे हैं और किनकी चिंताएं कितनी गहरी थी……

मूलतः अल्पसंख्यक की श्रेणी का वर्गीकरण एक सापेक्ष व्यवस्था है …क्योंकि कोई भी वर्ग या समूह देश, काल और परिस्थिति के अनुसार कभी भी अल्पसंख्यक बन सकता है …….अल्पसंख्यक बनने के बाद उसकी चिंताएं लगभग समान ही होती हैं ….अपनी पहचान बनाये रखने का संघर्ष ही एक सार्वजानिक चिंता होती है …अक्सर उनके सांस्कृतिक चिन्ह बहुसंख्यकों के चिन्हों से अलग होते हैं ….उनके प्रतीक अलग होते हैं क्योंकि वो आयातित होते हैं ….अपने मूल धार्मिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक प्रतीकों की नक़ल होते हैं या फिर उनसे प्रभावित होते हैं…..जो लोक संस्कृति के प्रतीकों से अलग होते हैं …..यहीं पर एक संघर्ष उत्पन्न होता है ….जो मानसिकता का अंग ही बन जाता है …एक बीमार सी परंपरा बन जाती है जिसे पीढियां ढोती हैं …..यह एक मानसिक घाव है ..जिसे राजनीति को धोना चाहिए ……बहुसंख्यक वर्ग का एक अपना गुप्त दबाव होता है जो समाज के राजनीतिक अचेतन को प्रभावित करता है…..सत्ता पर उसका वर्चस्व नहीं होने पर भी वह अदृश्य रूप में सांस्कृतिक बदलाव लाता है……समय के साथ-साथ यही चीजें पकती हैं, संघर्षरत परम्पराएँ जिन्दा रहने की जीतोड़ कोशिश करती हैं ….और राजनीतिक माध्यमों का सहारा लेकर अपना परिवर्धन करना चाहती हैं ….अल्पसंख्यकों का सत्ता संघर्ष मूलतः इन्हीं परम्पराओं से सिंचित होता है ….

समकालीन समय में सांस्कृतिक संघर्ष और भी मुखर होते जायेंगे …और सत्ता के दुरुपयोग का संयोग बहुत बढ़ जायेगा ….क्योंकि समाज तो बहुसंख्यकों के अदृश्य राजनीतिक दबाव पर भी चल सकता है …..एक गहरी मानसिक अराजकता सत्ता और समाज दोनों को ग्रस सकती है …..और काफी भयानक परिणाम मानवता को भुगतने पड़ सकते हैं ….इस तरह कि चिंताओं पर गहराई से विचार किया जाना चाहिए ….और ऐसे नियम बनाये जाने चाहिए ताकि अल्पसंख्यकों के हक़ किसी भी कीमत सुरक्षित रखे जा सकें …..दंगा मुक्त देश, जनता के लिए वरदान और इतिहास के लिए स्वर्ण काल सिद्ध होगा ….

अयोध्या और गोधरा दोनों दो धुरें हैं ….एक तरफ प्राचीन मिथकीय राम हैं तो दूसरी तरफ ताजा ऐतिहासिक औरंगजेब ……… और फिर गोधरा के बाद की घटना एक कुंठित इतिहास बोध के आक्रोश का भी परिणाम हो सकती है …..जिस जमीन को लुटेरों ने लूटा और वहां के लोग मूक दर्शक बने रहे ….जहाँ का राजा खिड़की से कूद कर भाग गया और फिर जनता रौंद दी गयी …..इसी ऐतिहासिक हार की खीज, सदियों बाद कायरतापूर्ण बदले की करवाई में गोधरा के बाद के दंगों में परिलक्षित हुई ….यह एक राजनीतिक प्रयोग था ….इसके बाद समाज में एक गहरी दरार पड़ चुकी है ….सहमे हुए अल्पसंख्यक और उनके थोथे पैरवीकार भोथरे राजनीतिक समझौते के पक्ष में हैं …..अब जबकि पूरे विश्व में इस्लाम पर बहस चल रही है और कई ऐतिहासिक बदलाव लाये जा रहे हैं, भारत को एक नयी मिसाल पेश करनी चाहिए ….भारतीय मुसलमान कैसा हो यह बड़ी सघन समस्या है ….क्या वह अरब, यूरोप और अफ्रीका के मुसलमानों से अलग होगा ….क्या वह पाकिस्तान के मुसलमानों से भिन्न होगा …..क्या उसकी सोच, उसकी चिंताएं एक स्वर्णिम युग के सुखी मानवों की सी होंगी…क्या आगरे के ताजमहल सरीखा कोई और भी नया अजूबा वो रच पाएंगे ….क्या ग़ालिब जैसे महाकवि फिर पैदा होंगे ….क्या उस्ताद फ़ैयाज खान सरीखे संगीतकार फिर नए रागिनियों की रचना करेंगे …..क्या मुसलमानों का स्वर्ण युग आजाद हिन्दुस्तान में कभी नहीं आएगा ……क्या अब आधुनिक नवाब और रईसजादे मुसलमानों में नहीं पैदा होंगे …….क्या भविष्य में मस्जिदों से अजान देने पर भी पाबंदियां लगा दी जाएँगी ……क्या बुरकों का प्रयोग भारत में भी बंद करा दिया जायेगा….. क्या सांस्कृतिक मूल्यों को बचाने के लिए धर्मान्धता उनमें और भी ज्यादा बढ़ेगी …..इस सरीखे बहुतेरे सवाल हैं जो हरेक नियमकार को पूछने चाहिए……

हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच अभी बहुत सारी दबी हुई बहसें हैं जिन पर खुल कर आमने सामने बहस होनी चाहिए ….कई भ्रांतियां हैं जिनसे आम जनता गलत फहमी का शिकार हो कर राजनीतिक मोहरें बन सकती है …..इन सारी फैली हुई अमरबेल की शिराओं को समूल नष्ट किया जाना चाहिए …..आज जबकि तकनीक समाज निर्माण में अद्वितीय योगदान दे रही है ….जनता के बीच की दूरियां आसानी से ख़त्म भी की जा सकती हैं …जनता खुद ही बहुत जागरूक है और संभवतः भविष्य में कोई नयी पहल करे ……